
वंदे मातरम् के 150 वर्ष
वंदे मातरम् के 150 वर्ष भारत की राष्ट्रीय स्मृति का एक गौरवशाली उत्सव है, जिसका उद्देश्य वंदे मातरम् की भावना और भारत के इतिहास में इसकी अद्वितीय भूमिका का सम्मान करना है। वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की सामूहिक चेतना का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत स्वतंत्रता सेनानियों का प्रेरणास्रोत और उद्घोष बन गया था।
1 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के देशव्यापी समारोहों को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य एक सशक्त जन-आंदोलन के रूप में इस अभियान को आगे बढ़ाना है, जिससे नागरिक विशेष रूप से युवा पीढ़ी और छात्र इस गीत की मौलिक और क्रांतिकारी भावना से जुड़ सकें।
इन समारोहों के माध्यम से इस अमर संदेश को सम्मानित किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वंदे मातरम् की विरासत आने वाली पीढ़ियों के हृदय में सदा जीवित रहे।